राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पोस्ट कोविड दुष्प्रभाव के कारण मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्या के मरीजों के उचित उपचार एवं मनोचिकित्सकीय परामर्श देने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। गहलोत ने शनिवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कोरोना समीक्षा के साथ में कोविड एवं मानसिक स्वास्थ्य को लेकर मानसिक स्वास्थ्य के लिए जागरूकता अभियान के तहत विशेषज्ञों के साथ विशेष चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग ऐसे मरीजों तथा उनके परिजनों को उचित उपचार और मनोचिकित्सकीय परामर्श देने की समुचित व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर काफी घातक रही और इसके कारण लोगों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याएं देखने को मिल रही हैं। राज्य सरकार इसे लेकर सतर्क है। लम्बे समय तक उपचार के बाद लोगों में आ रहे पोस्ट कोविड दुष्प्रभाव हमारे लिए चिंता का विषय है। हमारा प्रयास है कि ऐसे रोगियों और परिजनों को समुचित उपचार एवं परामर्श मिले, ताकि वे जल्द से जल्द इन स्वास्थ्य समस्याओं से उबर सकें।
दूसरी ओर, देश में 71 दिन बाद कोविड-19 के सबसे कम 80,834 नये मामले सामने आए हैं जबकि संक्रमण की दर और घटकर 4.25 प्रतिशत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह तक के आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।इन नये मामलों के साथ देश में कोविड-19 की चपेट में अब तक आए लोगों की संख्या 2,94,39,989 हो गई है। सुबह आठ बजे तक के अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक कोविड-19 के 3,303 मरीजों की मौत के साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 3,70,384 हो गई।देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 10,26,159 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.49 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर सुधरकर 95.26 प्रतिशत है।
शनिवार को 19,20,477 नमूनों की जांच की गई जिसके बाद देश में कोविड-19 के लिए की गई कुल जांच का आंकड़ा 37,62,32,162 हो गया जबकि दैनिक संक्रमण दर घटकर 4.25 प्रतिशत पर आ गई है।मंत्रालय ने बताया कि यह लगातार 20 दिनों से 10 प्रतिशत के नीचे बनी हुई है। साथ ही बताया कि साप्ताहिक संक्रमण दर भी पांच प्रतिशत से नीचे आ गई है और यह 4.74 प्रतिशत दर्ज की गई।


Download Android App
Download iOS App



