राजस्थान के अजमेर जिले के ब्यावर कस्बे में विवाह समारोह के दौरान सिलेंडर फटने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गयी है। गौरतलब है कि शुक्रवार की रात में एक विवाह कार्यक्रम के दौरान रसोई गैस सिलेंडर के फटने मकान ढह गया था और उसके मलबे में कई लोग दब गये थे। अभी तक मलबे से 18 शव निकाले गये हैं।
अजमेर के जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट गौरव गोयल ने बताया कि मकान के मलबे में दबे और नौ शवों को आज निकाला गया है। इन्हें मिलाकर घटना में अभी तक 18 लोग मारे गये हैं। मलबे में दो और लोगों के दबे होने की आशंका है, सेना, एसडीआरएफ की ओर से राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल 12 लोगों में से अजमेर के अस्पताल में भर्ती पांच लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कल ब्यावर में हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों से भेंटकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये मुख्यमंत्री सहायता कोष से देने की घोषणा की। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को श्री सीमेन्ट की ओर से भी एक-एक लाख रुपये दिये जाने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने ब्यावर के राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय और अजमेर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी तरह की कोताही ना बरती जाए।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



