भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर जयपुर आयेंगे। वे यहां पार्टी द्वारा आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी ने सोमवार को को बताया कि अमित शाह हवाई मार्ग से सुबह जयपुर पहुंचेंगे। यहां से वे मोती डूंगरी गणेश मंदिर जाएंगे।
इसके बाद सूरज मैदान व बिड़ला आडिटोरियम में उनके कई कार्यक्रम होंगे जिनमें सहकारिता सम्मेलन, शक्ति केन्द्र सम्मेलन व प्रबुद्वजन सम्मेलन शामिल है। भाजपा अध्यक्ष यहां नगर निगम/नगर निकाय जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। उल्लेखनीय है कि अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब राजस्थान में विधानसभा चुनावों की सरगर्मी जोर पकड़ रही है। विधानसभा चुनाव इस साल के आखिर में होने हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट द्वारा किसानों को उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलने और बेरोजगारी का मुद्दा उठाए जाने के बारे में चतुर्वेदी ने कहा कि केन्द्र ने किसानों के उत्पाद का न्यूनतम समर्थन मूल्य डेढ गुणा बढा दिया है और प्रदेश सरकार ने लगभग 15 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपने शासनकाल के दौरान किये गये कार्यों की तुलना करके बयान देने चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सिद्वांतों के आधार पर काम किया है और सरकार जनहित के कार्यों के लिये सिद्वांत आधारित कार्य करती रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



