भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के प्रभारी अरुण सिंह ने सोमवार को कहा कि राज्य में पार्टी की ‘जन आक्रोश यात्रा’ की सफलता ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार की विदाई तय कर दी है।
विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य की कांग्रेस नीत सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराध, दलित अत्याचार, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की कमी और भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने का मुद्दा उठाया और कहा कि ‘‘कांग्रेस के जंगल राज के कारण राजस्थान के लोगों में भारी आक्रोश है।’’
युवाओं में सरकार के खिलाफ सबसे ज्यादा गुस्सा
सिंह ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जन आक्रोश यात्रा को राज्य के लोगों से जबरदस्त समर्थन और भागीदारी मिली है। इस यात्रा को इतना समर्थन मिला है कि राज्य की कुशासन वाली सरकार, विकास विरोधी सरकार… की विदाई तय हो गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं में राज्य सरकार के खिलाफ सबसे ज्यादा गुस्सा है और वे कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार को बेदखल करने के मूड में हैं ताकि वह अगले 20 साल तक भी सत्ता में न आए।’’
तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि यात्रा को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और अगर आज विधानसभा चुनाव हो जाएं तो पार्टी तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोगों की कई शिकायतें मिली हैं, जिन्हें आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और यदि उनका समाधान नहीं किया गया तो पार्टी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेगी।


Download Android App
Download iOS App



