जोधपुर : साल 1998 में काला हिरण शिकार मामले में सुपरस्टार सलमान खान शुक्रवार को जोधपुर जिला और सत्र न्यायालय में पेश होने वाले थे, हालांकि वह आज पेश नहीं हुए।
सलमान के वकील महेश बोरा उनके व्यस्त कार्यक्रम का ब्योरा देते हुए कोर्ट से अपील की और इसके अलावा उन्होंने सोपू गैंग के सरगना लॉरेंस विश्नोई द्वारा हाल ही में सोशल मीडिया पर सलमान को धमकी देने के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि इन कारणों से सलमान कोर्ट में पेश नहीं हो सके।
कोर्ट ने सलमान की इस अपील को मंजूरी देते हुए सुनवाई के लिए अगली तारीख 19 दिसंबर तय कर दी।
सलमान के एक अन्य वकील हस्तीमल सारस्वत ने भी अदालत की नियमित सुनवाई से उन्हें (सलमान खान) राहत दिलाने के लिए आवेदन किया था।
4 जुलाई को पिछली सुनवाई में जब सलमान खान वहां नहीं पहुंचे तो कोर्ट ने उन्हें 27 सिंतबर को होने वाली सुनवाई में उपस्थित रहने को कहा और इसके साथ ही कोर्ट ने यह भी कहा कि अगर वह ऐसा नहीं करेंगे तो उन्हें कड़ी कार्रवाई का सामना करना होगा।
काला हिरण शिकार मामला साल 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



