राजस्थान में ऑडियो क्लिप को लेकर बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस ने बीजेपी पर राज्य सरकार को गिराने का आरोप लगाया है, वहीं बीजेपी इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। इस बीच कांग्रेस की शिकायत पर राजस्थान पुलिस के विशेष कार्यबल (एसओजी) ने दो एफआईआर दर्ज की हैं।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक अशोक राठौड़ ने बताया, ‘‘विधायकों की खरीद फरोख्त और सोशल मीडिया में वायरल हुए कथित ऑडियो की जांच के लिए आईपीसी की धारा 124 ए तथा 120 बी के तहत दो एफआईआर दर्ज की गई हैं।’’ उन्होंने कहा कि ऑडियो रिकार्डिंग में जिन संजय जैन का नाम सामने आया है उन्हें गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और उनसे पूछताछ की जा रही है।

मुख्य सचेतक जोशी ने इस बारे में गुरुवार की रात को गजेंद्र सिंह, संजय जैन और कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा के खिलाफ शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आग्रह किया था। मीडिया में वायरल हुए ऑडियो में कथित तौर पर विधायकों की खरीद फरोख्त की बात की जा रही है और कांग्रेस का दावा है कि इनमें से एक आवाज केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की भी है।
हालांकि बीजेपी ने इस ऑडियो को फर्जी बताते हुए इसे खारिज किया है। जोशी ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया में ऑडियो वायरल होने के बाद मैंने इसकी जांच का आग्रह करते हुए एसओजी में शिकायत की। मामला दर्ज किया गया है लेकिन मुझे इसकी कॉपी नहीं मिली है।’’
जोशी ने कहा कि उन्होंने पहले भी इस बारे में शिकायत की थी लेकिन साक्ष्यों को लेकर अनेक सवाल उठे और जांच में देरी हुई लेकिन यह ऑडियो एक नया साक्ष्य है। उन्होंने कहा कि ऑडियो रिकार्डिंग में जिनकी आवाज है उन्हें पहचान कर उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए। राज्य में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार को गिराने के षड्यंत्र और विधायकों को प्रलोभन दिए जाने के मामले में एसओजी इन्हें मिला कर अब तक तीन एफआईआर दर्ज कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



