राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और कई प्रमुख नेताओं के साथ सोमवार को अयोध्या पहुंचकर श्री रामलला का दर्शन-पूजन कर लोक कल्याण की कामना की। राम जन्मभूमि पर दर्शन करने के बाद भजनलाल शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मुझे आज यहां अयोध्या पहुंचकर खुशी हो रही है। उन्होंने कहा, मैंने पहले टेंट में दर्शन किए थे, यह सुखद है कि हम भव्य और दिव्य मंदिर में भगवान श्रीराम का दर्शन कर रहे हैं। मैं अभिभूत हूं कि रामलला के इतने भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है।
- अयोध्या पहुंचकर खुशी
- ये मुख्यमंत्री भी कर चुके है दर्शन
- निर्दलीय विधायक भी शामिल
ये मंत्री, नेता रहे शामिल
शर्मा के साथ राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सी.पी. जोशी, जयपुर के सांसद रामचरण बोहरा, राजस्थान सरकार के उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, शिक्षा मंत्री दिलावर के अलावा वहां के मुख्य सचिव सुधांशु भी मौजूद रहे। अयोध्या दौरे पर आने वाले राजस्थान के अन्य भाजपा विधायकों में गोपाल शर्मा, बालमुकुंद आचार्य, बाबू सिंह राठौड़, दीप्ति माहेश्वरी और जोगाराम पटेल शामिल हैं, जबकि दो निर्दलीय विधायक प्रियंका चौधरी और चंद्रभान सिंह आक्या ने भी भजनलाल शर्मा के साथ अयोध्या में रामलला के दरबार में पहुंचकर दर्शन पूजन किया।
ये मुख्यमंत्री भी कर चुके है दर्शन
इससे पहले, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रियों और विधायकों ने गत 11 फरवरी को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किये थे। इसके अलावा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी भी चार मार्च को अयोध्या में राम मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और अन्य कई प्रमुख नेताओं ने अलग-अलग दिनों में अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ अयोध्या आकर नवनिर्मित राम मंदिर में पूजा-अर्चना कर लोक कल्याण की कामना की थी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी अपने परिवार के साथ अयोध्या के राम मंदिर में पूजा की थी ।


Download Android App
Download iOS App





