राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि वह राज्य सरकारों को धर्म के नाम पर उपद्रव कर रहे शरारती तत्वों पर कार्रवाई करने का निर्देश दें। गहलोत ने देश में सांप्रदायिक तनाव की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री से देश के नाम संदेश देने की भी अपील की है।
CM गहलोत ने PM मोदी से की यह अपील
गहलोत ने ट्वीट किया,‘‘ महात्मा गांधी ने कहा था कि मुझे हिंदू होने का गर्व अवश्य है लेकिन मेरा हिंदू धर्म न तो असहिष्णु है और न बहिष्कारवादी। हम सब हिन्दू हैं पर हमारा धर्म सिखाता है कि हम सभी धर्मों का सम्मान करें। यही सोच रखकर हम एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करेंगे तो ऐसी नौबत ही नहीं आएगी।’

उन्होंने लिखा,‘‘मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पुन: अपील करता हूं कि देश में बढ़ रहे सांप्रदायिक तनाव को कम करने के लिए वह राष्ट्र के नाम संदेश दें एवं धर्म के नाम पर उपद्रव कर रहे शरारती तत्वों पर कार्रवाई करने का राज्य सरकारों को निर्देश दें।’’

बिना शांति और सद्भाव के राज्यों का विकास मुमकिन नहीं :गहलोत
गहलोत का कहना है कि बिना शांति के विकास संभव नहीं है परन्तु कभी खाने को लेकर, पहनावे को लेकर तो कभी धार्मिक परंपराओं को लेकर यदि देश के लोग आपस में लड़ते रहेंगे और कुछ उपद्रवी तत्व उन्हें उकसाते रहेंगे तो ये देश इन छोटे मुद्दों में उलझा रह जाएगा एवं आगे कैसे बढ़ेगा?

मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘प्रधानमंत्री जी को देश की जनता से शांति की अपील कर देश के खराब होते माहौल को ठीक करने का प्रयास करना चाहिए। अगर देश के नागरिकों में आपस में मनभेद होगा तो वह देश के अच्छे भविष्य के लिए उचित नहीं होगा।’’



Download Android App
Download iOS App



