कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए ‘डंडे’ वाले बयान पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि उनका यह आशय बिलकुल नहीं था जैसा बाहर आया है। उनका आशय यह था कि युवा अपने आक्रोश के कारण मोदी जी को सजा देंगे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “हिन्दी भाषा में अभिधा एवं व्यंजना होते है। अभिधा किसी भी बात को सामान्य और प्रत्यक्ष रूप से व्यक्त किया जाता है। जबकि व्यंजना अप्रत्यक्ष, व्यंगात्मक, मुहावरेदार अभिव्यक्ति होती है।”
अपने अगले ट्वीट में उन्होंने कहा, “जब श्री राहुल गांधी ने डंडा शब्द का प्रयोग किया, तो यह व्यंजनात्मक प्रयोग है। उनका आशय था कि युवा अपने आक्रोश के कारण मोदी जी को सजा देंगे। उनके शब्दों की राजनीतिक लाभ हेतु गलत व्याख्या की गयी और उनके ईरादों को नहीं समझा गया।”
बता दें राहुल गांधी ने पिछले दिनों दिल्ली में एक रैली में बेरोजगारी को लेकर कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी को देश के युवा 6 महीने में डंडे मारेंगे। हालांकि उनके इस बयान की बीजेपी ने कड़ी निंदा की थी।


Download Android App
Download iOS App





