राजस्थान के राजनीतिक घटनाक्रम पर बोले सुरजेवाला-राहुल का संकल्प और प्रियंका का सहयोग रंग लाया

Summary :

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राजस्थान के राजनीतिक घटनाक्रम के पटाक्षेप पर आठ करोड़ प्रदेशवासियों को बधाई। राहुल गांधी की दूरदृष्टि व सबको साथ लेकर चलने का संकल्प और प्रियंका गांधी का सहयोग रंग लाया।

राजस्थान में सियासी संग्राम के थमने के बाद कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को आठ करोड़ प्रदेशवासियों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब सभी नेता एवं विधायक कड़वाहट भूलकर प्रदेश की तरक्की के लिए काम करेंगे।
सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘राजस्थान के राजनीतिक घटनाक्रम के पटाक्षेप पर आठ करोड़ प्रदेशवासियों को बधाई। राहुल गांधी की दूरदृष्टि व सबको साथ लेकर चलने का संकल्प और प्रियंका गांधी का सहयोग रंग लाया। अशोक गहलोत की परिपक्वता और सचिन पायलट के विश्वास व निष्ठा ने हल निकाला।’’


अगले ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘ये राजस्थान के तरक्की पथ पर चलने की जीत है। ये बीजेपी को करारा जबाब है जो अल्पमत में हो कर व जनता से दरकिनार किए जाने के बावजूद सरकार बनाने के सपने देख रहे थे। ये वही हैं जो सब हथकंडे अपनाने के बाद भी बीजेपी विधायक दल की बैठक तक नही बुला पाए व आख़िर में बाड़ेबंदी करनी पड़ी।’’ 


उन्होंने कहा, ‘‘अब सब गिले-शिकवे और कड़वाहट भुला सभी विधायक व कांग्रेस के साथी शक्तिशाली, शांतिप्रिय व तरक़्क़ीपसंद राजस्थान के लिए काम करेंगे। यही वीरभूमि राजस्थान का ध्येय व कर्म है।’’ गौरतलब है कि सोमवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ सचिन पायलट की मुलाकात के बाद राजस्थान का सियासी संकट खत्म हो गया।

Desk Team