राजस्थान में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। राज्य में मरीजों की संख्या में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। राजस्थान में वैश्विक महामारी कोरोना थमने का नाम नहीं ले रही है और आज करीब सवा छह सौ नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 54 हजार के पार गई वहीं दस और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों का आंकड़ा भी 810 पहुंच गया।
चिकित्सा विभाग के अनुसार सुबह 620 नये मामले सामने आने से कोरोना संक्रमितों की संख्या 54 हजार 290 पहुंच गई। कोटा में चार, बारां,एवं डूंगरपुर में दो-दो तथा जयपुर एवं राजसमंद में एक-एक कोरोना मरीज की और मृत्यु होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 810 हो गई। नये मामलों में सर्वाधिक 143 मामले सीकर में सामने आये है। इसके अलावा कोटा में 137, जयपुर एवं अजमेर में 60, बाड़मेर 35,चित्तौड़गढ चार, डूंगरपुर एवं राजसमंद में 14, झालावाड़ 40, नागौर 52 तथा प्रतापगढ़ दो नये मामले सामने आये।
राज्य में सर्वाधिक कोरोना संक्रमितों की संख्या 8093 जोधपुर में हैं। प्रदेश में कोरोना जांच के लिए अब तक 17 लाख 54 हजार 897 सैंपल लिए गए जिनमें 16 लाख 99 हजार 840 लोगों की रिपोर्ट नकारात्मक पाई गई हैं जबकि 767 मामलों की रिपोर्ट अभी आनी शेष हैं। हालांकि राज्य में अब तक 39 हजार 273 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और इनमें 36 हजार 524 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



