जयपुर में नकली नोट बनाने के कारखाने का भंडाफोड़, 6 लाख नकली नोटों के साथ कलर प्रिंटर बरामद

Summary :

एसओजी ने जयपुर में गोनेर रोड पर एक अपार्टमेंट में चल रहे इस नकली नोट बनाने के कारखाने का खुलासा कर इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया हैं।

राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) ने जयपुर में नकली नोट बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया है। एसओजी ने कारखाने से करीब छह लाख के नकली नोटों के साथ प्रिंटर बरामद और कई तरह की मशीने बरामद की। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसओजी के अनुसार एसओजी ने जयपुर में गोनेर रोड पर एक अपार्टमेंट में चल रहे इस नकली नोट बनाने के कारखाने का खुलासा कर इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया हैं। मौके पर 5.80 लाख रुपए के नकली नोट, कलर प्रिंटर, स्कैनिंग मशीन, लेमिनेशन मशीन, नोट छापने के कागज शीट एवं अन्य सामान बरामद किया गया।
छापेमारी के वक़्त कारखाने में मौजूद जयपुर निवासी प्रथम शर्मा (19) तथा मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के माधवगंज थाना क्षेत्र के वीरपुर निवासी ब्रजेश मौर्या (28) को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। एसओजी ने एक सूचना पर मंगलवार देर रात छापा मारा। पांच लाख 80 हजार 900 रुपए के बरामद नकली नोटों में 500 के 1147 और 200 के 37 नोट शामिल हैं।

Desk Team