केंद्र सरकार ने राजस्थान में 10 नये मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बृहस्पतिवार को बताया कि अलवर, बांरा, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, करौली, नागौर, श्रीगंगानगर, सिरोही और बूंदी जिले में नये मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए केन्द्र सरकार से केंद्र समर्थित योजना के तहत स्वीकृति प्राप्त हो गयी है।
उन्होंने बुधवार की रात बताया कि प्रत्येक मेडिकल कॉलेज के लिए कुल स्वीकृत 325 करोड़ रुपए की राशि में से 60 प्रतिशत अर्थात 195 करोड़ रुपए की राशि भारत सरकार द्वारा तथा 40 प्रतिशत अर्थात 130 करोड़ रुपए की राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। इनके निर्माण का काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि इन मेडिकल कॉलेजों की स्थापना पर कुल 1950 करोड़ रूपये केन्द्र और 1300 करोड़ रुपये राज्य सरकार द्वारा वहन किये जायेंगे। इन 10 मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति के बाद प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 26 हो जाएगी। डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रदेश में आजादी के समय मात्र एक मेडिकल कॉलेज जयपुर में था। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 14 की जा चुकी है । इन 14 मेडिकल कॉलेज के बाद सीकर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो रहा है। इसे अगले सत्र से शुरू कर दिया जाएगा ।
धौलपुर में प्रदेश का 16 वां मेडिकल कॉलेज स्वीकृत है । उल्लेखनीय है कि इस समय जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और कोटा के मेडिकल कॉलेज में 250-250 सीटें हैं। उदयपुर, अजमेर और झालावाड़ के मेडिकल कालेजों में 200- 200 सीटें, बाड़मेर में 100 सीटें तथा शेष छह मेडिकल कॉलेज में 150-150 सीटें हैं जिन्हें मिलाकर राज्य में कुल एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 2600 हो गई हैं।


Download Android App
Download iOS App



