राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने राज्य की गहलोत सरकार पर वैश्विक महामारी कोरोना और सियासी प्रबंधन में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह कोरोना एवं सियासी प्रबंधन, दोनों में मात खा रही है।
उन्होंने कहा कि कोरोना प्रबंधन हो या सियासी प्रबंधन, गहलोत सरकार दोनों में मात खा रही है। उन्होंने कहा कि पहले वरिष्ठ विधायक का इस्तीफा, कैबिनेट मीटिंग में मंत्रियों के बीच लड़ई और अब सियासी नियुक्तियों के बाद विरोध के मुखर स्वर, कुल मिलाकर कांग्रेस में अंतर्कलह चरम पर है। ना जाने कब क्या हो जाए।
उन्होंने कहा कि जबकि भाजपा कोरोना चुनौतियों के बीच जन सेवा के लिए समर्पित है और सेवा ही संगठन के तहत सेवा दिवस पर 33 राज्यों के 1.53 लाख से ज्यादा गांवों एवं बस्तियों में सेवा कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 66 हजार 706 कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया और जरूरतमंदों को आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं।
दूसरी तरफ, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,14,460 नए मामले सामने आए जो 60 दिन की अवधि में सबसे कम संख्या है। इसके साथ ही दैनिक संक्रमण दर घटकर अब 5.62 प्रतिशत रह गई है। वहीं, महामारी से 2,677 और लोगों की मौत हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को अपने अद्यतन आकड़ों में यह जानकारी दी और कहा कि संक्रमण के नए मामलों के साथ देश में महामारी के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,88,09,339 हो गई है।
वहीं संक्रमण से 2,677 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 3,46,759 हो गई है। करीब 42 दिन में मृतकों की यह सबसे कम संख्या है। उपचाराधीन मामलों की संख्या भी घटकर 15 लाख से कम रह गई है। छह अप्रैल को 24 घंटे में संक्रमण के 96,982 नए मामले सामने आए थे।
मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को 20,36,311 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिन्हें मिलाकर जांच संख्या बढ़कर 36,47,46,522, हो गई है। दैनिक संक्रमण दर घटकर अब 5.62 प्रतिशत रह गई है और लगातार 13 दिन से यह दस प्रतिशत से कम बनी हुई है। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर घटकर 6.54 प्रतिशत रह गई है।
इसने कहा कि देश में अब 14,77,799 मामले उपचाराधीन हैं, जो कुल मामलों का 5.13 प्रतिशत है। वहीं, कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर सुधरकर 93.67 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटे में 77,449 मामले कम हुए हैं। यह लगातार 24वां दिन है जब स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या संक्रमितों की संख्या से अधिक है। अब तक 2,69,84,781 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। वहीं, संक्रमण से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है।


Download Android App
Download iOS App



