बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती और राजस्थान सरकार के बीच इस समय तीखी बहस का दौर जारी है। राजस्थान में दलितों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर मायावती ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। बसपा प्रमुख की मांग पर पलटवार करते हुए राज्य के आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने कहा कि बसपा, भाजपा की ‘बी’ टीम बन गई है।
गोविंद राम मेघवाल ने संवाददाताओं से कहा,‘‘मैंने मायावती का बयान देखा है। वह भाजपा की ‘बी’ टीम बन गई हैं। दलितों का मायावती से मोहभंग हो गया है और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में भाजपा की जबरदस्त जीत में उनकी प्रमुख भूमिका थी।’’
उल्लेखनीय है कि मायावती ने बुधवार को ट्वीट करते हुए आरोप लगाया था कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार में दलितों एवं आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने हाल ही में दलित युवतियों के साथ बलात्कार, अलवर में दलित युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या एवं जोधपुर के पाली में दलित युवक की हत्या की घटना का जिक्र करते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार के पूरी तरह से विफल रहने का आरोप लगाया और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
राजस्थान: कांग्रेस शासन में दलितों पर बढ़ रहा अत्याचार, मायावती ने की राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग
पाली जिले में दलित युवक जितेंद्र मेघवाल की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि इस घटना ने न केवल दलित समुदाय को बल्कि सामाजिक न्याय और कानून का शासन चाहने वाले सभी लोगों को आहत किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जितेंद्र के घर जाकर परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और राज्य सरकार द्वारा घोषित वित्तीय मुआवजा उन्हें सौंपा। मंत्री ने कहा कि इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



