राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्य की कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए षड़यंत्र रचने का आरोप दोहराते हुए कहा है कि अब उनका कोई षड़यंत्र सफल होने वाला नहीं हैं और सरकार पूरी 5 साल चलेगी। राज्य में गहलोत सरकार को गिराने को लेकर एक बार फिर मुद्दा गर्माने के बीच डोटासरा ने रविवार रात मीडिया से यह बात कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता पूरी तरह बौखला गए हैं। उनके नेता अमित शाह पूछ रहे हैं कि सरकार गिराने के लिए दिया गया धन कहां गया। डोटासरा ने दावा किया कि उनके पास और भी तथ्य हैं जिनसे साबित होता है कि सरकार गिराने का षड़यंत्र किया गया था।
उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिराने का षड़यंत्र नहीं किया गया। क्या राज्यपाल को विधानसभा-सत्र बुलाने से नहीं रोका गया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा ने जो यह षड़यंत्र किया, उसे पूरे देश ने देखा। पैसे का षड़यंत्र चला और विधायकों को खरीदने की कोशिश हुई, लेकिन कांग्रेस विधायकों की बहादुरी से उनके कुप्रयास सफल नहीं हो सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यह कहने से बाज आये कि सरकार गिरा देंगे। उन्होंने दावा किया कि हमारे सभी 123 विधायक एक हैं। राजस्थान में सरकार गिराने के सपने देख रही भाजपा से वह कहना चाहेंगे कि राज्य में जनता द्वारा चुनी हुई सरकार डंके की चोट पर 5 साल पूरे करेगी।


Download Android App
Download iOS App



