जयपुर : राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ग्राम पंचायत खाटूश्यामजी को नगरपालिका बनाने की घोषणा की है। इससे खाटूश्यामजी क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और इस क्षेत्र का सुनियोजित विकास होगा। मुख्यमंत्री ने खाटूश्याम मंदिर क्षेत्र को एक मंदिर नगर के रूप में विकसित करने के भी निर्देश दिये। इसके लिये 66 करोड़ रूपये के विकास कार्य किए जायेंगे। इससे देशभर से आने वाले श्रद्वालुओं को खटूश्याम जी कस्बे में बेहतर यात्री सुविधाएं मिलेंगी।
राजे ने खाटूधाम के विकास के लिये खाटू मंदिर विकास समिति एवं अधिकारियों के साथ चर्चा की। बैठक में देवस्थान राज्य मंत्री राजकुमार रिणवा भी थे। जनसंवाद कार्यक्रम में खाटूश्यामजी के स्थानीय निवासियों ने ग्राम पंचायत खाटूश्याम जी को नगरपालिका बनाने की मांग की थी। इससे पूर्व दांतारामगढ विधानसभा क्षेत्र के जनसंवाद कार्यक्रम में लोगो की शिकायत पर पलसाना के सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मंगलचंद वर्मा को निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी जनसेवा में कोताही बरतेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने 32 करोड रूपये की परियोजनाओं का लोकापर्ण—शिलान्यास किया। राजे ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को रींगस में 5 करोड रूपये की पेयजल परियोजना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



