मायावती के सितारे बुलंद हैं : कुंवर नटवर सिंह

Summary :

कांग्रेस के पूर्व कद्दावर नेता रहे कुंवर नटवर सिंह ने लोकसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत तय बताते हुए कहा देश की अगली प्रधानमंत्री

पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के पूर्व कद्दावर नेता रहे कुंवर नटवर सिंह ने लोकसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत तय बताते हुए कहा देश की अगली प्रधानमंत्री बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती होंगी। श्री सिंह ने आज रामगढ़ विधानसभा सीट से बसपा के टिकिट पर चुनाव लड़ रहे अपने पुत्र जगत सिंह के चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों से कहा कि सुश्री मायावती के सितारे बुलंद हैं और उत्तर प्रदेश से ही देश की राजनीति चलती है, इसलिए निश्चित रूप से मायावती प्रधानमंत्री बन सकती हैं।

मायावती

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से महागठबंधन बना है, उससे स्पष्ट है कि महागठबंधन की जीत होगी। श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हालांकि सबसे बड़ी पार्टी होगी लेकिन उसे बहुमत नहीं मिलेगा। कांग्रेस के भविष्य के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अभी बहुत मेहनत करने की जरूरत है, इसलिए कांग्रेस का भविष्य भी ज्यादा उज्ज्वल नहीं है।

44 सीटों से बढ़कर ज्यादा से ज्यादा 80 सीटें हो सकती हैं, कांग्रेस इससे ज्यादा कुछ हासिल नहीं कर पायेगी। उन्होंने कहा कि अगर मैं कांग्रेस का सलाहकार होता तो राहुल गांधी को तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पर्चा नहीं फाड़ने देता और श्री गांधी प्रधानमंत्री के बारे में ‘चौकीदार चोर है’ शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं, उन्हें यह शब्द नहीं कहने देता।

श्री सिंह ने कहा कि इससे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गरिमा कम हुई है। उन्होंने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस एकजुट रही थी, लेकिन उनके बाद कांग्रेस के टुकड़ होने स्वाभाविक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद, मोदी की विदेश नीति की चर्चा करते हुए कहा कि अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं आया है और तीन राज्यों के चुनाव हारने के बाद उनकी छवि गिरी है। राज्य की हुकूमत करना अलग बात है और देश पर हुकूमत करना अलग बात है।

सोनिया गांधी

इसलिए देश की हुकूमत करने वाली दिल्ली की विदेश नीति और कूटनीति में सामंजस्यता होनी चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि आजादी के समय 51 देश थे, लेकिन अब उनकी संख्या बढ़कर 193 हो गई है, और जैसे-जैसे संख्या बढ़ती गई उनके समूह भी बनते गए और गुटबाजी भी पनप गई। ऐसे में सभी देशों के साथ विदेश नीति और कूटनीति अलग अलग तरीके से अपनाई जानी चाहिए।

उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति अच्छी बताते हुये कहा कि अगर विदेश नीति सही नहीं रही तो इसके भी हालात बिगड़ सकते हैं। श्री सिंह ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार भले ही बन गई हो, लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट आपस में धुर विरोधी नेता हैं, लिहाजा इस सरकार का भविष्य ज्यादा नहीं है।

Desk Team