अब BJP की उल्टी गिनती हुई शुरु, पार्टी द्वारा की जा रही हॉर्स ट्रेडिंग का पर्दाफाश : CM गहलोत

Summary :

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है और अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है और अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सीएम गहलोत ने गुजरात में कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व विधायक सोमाभाई पटेल का एक वीडियो सामने आने के बाद आज सोशल मीडिया के जरिए यह बात कही। 
उन्होंने कहा कि अब भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है, लोकतंत्र को बचाए रखने के लिए समय पर जनता इन्हें सबक जरूर सिखाएगी। इनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सीएम गहलोत ने कहा कि ‘‘हम हमेशा कहते आए हैं कि सत्ता हथियाने के लिए बीजेपी हॉर्स ट्रेडिंग करती है और यह अब सबके सामने आ गया है कि किस प्रकार बीजेपी विधायकों की खरीद-फरोख्त करवाती है। बीजेपी ने इसे चलन बना लिया है।’’ 
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ गोवा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में हॉर्स ट्रेडिंग की और पिछले दिनों राजस्थान में भी पूरा जोर लगाकर प्रयास किया लेकिन हमारे विधायकों ने इनके मंसूबों को सफल नहीं होने दिया। 

Desk Team