जयपुर : भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार अपने चुनावी वादों को तीन महीने में भी पूरा क्यों नहीं कर पायी है। राहुल गांधी एक दिन के दौरे पर मंगलवार को राजस्थान आ रहे हैं, जहां वह दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
पूर्व मंत्री अरूण चतुर्वेदी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि अशोक गहलोत सरकार ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ते और किसानों को कर्जमाफी के मुद्दे पर भ्रमित किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जानबूझकर किसान सम्मान निधि योजना का फायदा राज्य के किसानों को नहीं लेने दिया है।
चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष ने वादा किया था कि राज्य में पार्टी की सरकार बनने के दस दिन में ही किसानों का सारा कर्ज माफ कर दिया जाएगा। तीन महीने हो चुके लेकिन कुछ नहीं हुआ। उन्होंने संपूर्ण कर्जमाफी के वादे पर वोट लिए लेकिन सरकार इस पर खरा नहीं उतर पायी।’ इसके साथ ही कांग्रेस ने युवाओं को 3500 रुपये तक बेरोजगारी भत्ता देने का भी वादा किया था। लेकिन भत्ते के लिए इस तरह की शर्तें तय की गयी हैं कि ज्यादातर बेरोजगार फायदा ले ही नहीं सकते।
चतुर्वेदी ने कहा, ‘जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ है। कांग्रेस सरकार ने युवाओं व किसानों को धोखा दिया है। लोकसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत से पहले राहुल गांधी को राजस्थान में अपनी पार्टी की सरकार के कामकाज का ब्यौरा देना चाहिए।’


Download Android App
Download iOS App



