राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में स्थित मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग की है।
गहलोत ने सोमवार को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में अवगत कराया कि वर्ष 1913 में बांसवाड़ा जिले के मानगढ़ में श्री गोविन्द गुरु के नेतृत्व में एकत्रित वनवासियों पर ब्रिटिश सेना ने गोलीबारी की थी, जिसमें 1500 से अधिक वनवासियों ने अपना बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि वनवासियों के बलिदान एवं गोविन्द गुरु के योगदान को रेखांकित करने के लिए राज्य सरकार ने मानगढ़ धाम में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय बनाया है। साथ ही, मानगढ़ धाम तक मार्ग एवं इस स्थल के विकास के कार्य किये गए हैं।
एक बयान के अनुसार, गहलोत ने प्रधानमंत्री से मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा देने का आग्रह किया, जिससे कि अमूल्य बलिदान देने वाले वनवासियों एवं नवचेतना के संचार में योगदान देने वाले महान संत श्री गोविन्द गुरु को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा सके।


Download Android App
Download iOS App



