राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि आज पूरा देश व राज्य कोरोना की दूसरी लहर के भयावह संकट से जूझ रहा है ऐसे में जाति, धर्म, वर्ग, क्षेत्र एवं विचारधारा की संकीर्णता से ऊपर उठकर पीड़ित मानवता की सेवा करना ही हमारा सर्वोपरि धर्म है। उन्होंने कहा कि इस भावना के साथ एकजुट होकर ही हम कोरोना की यह जंग जीत पाएंगे। गहलोत बुधवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस से जोधपुर जिले में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं के लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेजीडेन्सी रोड में महाराजा श्री अग्रसेन वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से स्थापित आक्सीजन प्लांट तथा जिला अस्पताल पीपाड़ सिटी में विनायक इंडस्ट्रीज के सहयोग से तीन वार्डों के नवीनीकरण व मशीनीकरण तथा 30 बेड के कोविड वार्ड आदि चिकित्सा सुविधाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर ने शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों एवं युवा वर्ग को भी चपेट में लिया है। अधिकतर रोगियों को हाई फ्लो ऑक्सी व वेन्टीलेटर की जरूरत पड़ रही है। पहली लहर के मुकाबले मृत्यु दर भी कई गुना अधिक है। देश के विभिन्न राज्यों से भी जिस तरह की चिंताजनक खबरें आ रही हैं, वे व्यथित एवं विचलित कर देने वाली हैं। ऐसी विषम परिस्थिति में राज्य सरकार लोगों की जीवनरक्षा के लिए संकल्पबद्ध होकर काम कर रही है।
गहलोत ने कहा कि हम समाज के सभी वर्गों को साथ में लेकर लगातार ऐसे फैसले ले रहे हैं जिससे जरूरतमंदों को राहत मिले और कोई भूखा न सोए का संकल्प साकार हो। गहलोत ने कहा कि ऐसे वक्त में गांव-ढाणी तक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भामाशाहों से मिल रहा सहयोग हमारा हौसला बढ़ा रहा है।
राज्य सरकार अपने वित्तीय संसाधनों से चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढीकरण में किसी तरह की कमी नहीं रख रही है। लेकिन आमजन से मिल रहा सहयोग इन प्रयासों को और मजबूती दे रहा है। चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी से प्रदेशवासियों की जीवनरक्षा के लिए राजस्थान में बेहतरीन काम हुआ है। मुख्यमंत्री के निर्देशन में युद्धस्तर पर पीड़ित मानवता की सेवा का काम किया जा रहा है।
हमारे प्रयासों को केंद्र सरकार ने भी सराहा है। कोरोना जांच क्षमता व अस्पतालों की संख्या बढ़ाने, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू एवं वेंटीलेटर क्षमता में बढ़ोतरी, सीएचसी एवं पीएचसी स्तर तक उपचार सुविधाओं के विस्तार में हमारी सरकार जुटी हुई है।
उन्होंने बताया कि जोधपुर क्षेत्र में राज्य सरकार, जनप्रतिनिधियों एवं भामाशाहों के सहयोग से 10 नए ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से 9 संयंत्र के लिए कार्यादेश जारी हो गए हैं। चिकित्सा व स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ सुभाष गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार चिकित्सा ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



