अडाणी के मुद्दे पर राजस्थान कांग्रेस ने जयपुर में किया प्रदर्शन - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

अडाणी के मुद्दे पर राजस्थान कांग्रेस ने जयपुर में किया प्रदर्शन

यदि आप प्रधानमंत्री से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो आपको उन्हें चुनाव में हराना होगा। यह बात राजस्थान इकाई के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को कही।

यदि आप प्रधानमंत्री से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो आपको उन्हें चुनाव में हराना होगा। यह बात राजस्थान इकाई के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को कही। रंधावा , अडाणी समूह पर अमेरिकी कंपनी हिंडनबर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा स्वीकार नहीं किए जाने के खिलाफ जयपुर में आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी देश को नष्ट कर रहे हैं और भाजपा व केंद्र की सरकार देश को बेच रही है। हमारी लड़ाई आडाणी के साथ नहीं है बल्कि सीधे भाजपा के खिलाफ है।’’
नेताओं के साथ साथ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया
रंधावा ने कहा, ‘‘ सभी अडाणी के बारे में बात कर रहे हैं जबकि उन्हें मोदी के बारे में बात करनी चाहिए। अडाणी को हटाने लिए उनकी (मोदी) हार जरूरी है।’’ उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने सोमवार को अडाणी-हिंडनबर्ग मुद्दे पर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए। जयपुर के सिविल लाइंस गेट पर कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन में राजस्थान मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विधायकों, नेताओं के साथ साथ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। रंधावा ने आरोप लगाया,‘‘ प्रधानमंत्री मोदी अडाणी के रूप में ईस्ट इंडिया कंपनी लेकर आए हैं। अडाणी जैसे कारोबारी देश की नीति तय कर रहे हैं न कि प्रधानमंत्री।’’
जांच के लिए जेपीसी गठित करने की मांग कर रही
हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी समूह पर लेनदेन में फर्जीवाड़ा करने और शेयर की कीमतों में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। हालांकि, अडाणी समूह ने इन आरोपों से इनकार किया है। कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी पार्टियां अडाणी मामले की जांच के लिए जेपीसी गठित करने की मांग कर रही हैं। रंधावा ने पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से भी कांग्रेस को मजबूती के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘ हमें कांग्रेस के लिए काम करना है, हमें किसी व्यक्ति के लिए काम नहीं करना है… कांग्रेस किसी के नाम से संचालित नहीं होती।’’
आज तक पता नहीं चला कि कैसे जवानों की शहादत हुई
उन्होंने वर्ष 2019 में पुलवामा में आतंकवादी हमले की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि ‘‘ आज तक पता नहीं चला कि कैसे जवानों की शहादत हुई।’’ इससे पूर्व प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए कहा कि एक व्यक्ति विशेष द्वारा अपने राजनीतिक फायदे के लिये.. अपनी चुनावी फंडिग के लिये देश के लोगो के साथ धोखा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 + thirteen =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।