राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) की लेवल-2 परीक्षा को लेकर एक बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री गहलोत ने रीट की परीक्षा निरस्त करने की घोषणा करते हुए सोमवार को कहा कि यह परीक्षा अब नए सिरे से होगी। गहलोत ने रीट परीक्षा का पर्चा लीक होने के मामले की जांच के बीच यह घोषणा की है।
कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने किया ऐलान
रीट परीक्षा में गड़बड़ी की जांच SOG कर रही है। हमारी सरकार हर दोषी को सजा दिलाकर युवाओं के साथ न्याय सुनिश्चित करेगी।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) February 7, 2022
अपने निवास पर कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में गहलोत ने कहा, ‘‘आज हमने रीट लेवल-2 की परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया है। लेवल-2 की परीक्षा रद्द कर नए सिरे से परीक्षा करवाई जाएगी।’’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रीट के लिए भारत सरकार की पुरानी प्रणाली… पहले प्राथमिक परीक्षा और उसके बाद मुख्य परीक्षा… ला रहे हैं।
साथ ही गहलोत ने कहा, ‘‘रीट के जरिए की जाने वाली भर्तियों की संख्या 32,000 से बढ़ाकर 62,000 किया जाएगा। इनमें लेवल-1 और लेवल-2 दोनों शामिल हैं।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्चा लीक व प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल आदि रोकने के लिए कड़ा कानून विधानसभा में लाएगी।
गहलोत ने ट्वीट कर कहा- अब दोनों लेवल मिलाकर कुल 62,000 पदों के लिए भर्ती होगी
गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कैबिनेट बैठक में रीट लेवल-2 की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है। लेवल-1 की प्रक्रिया पूर्ववत जारी रहेगी। अब दोनों लेवल मिलाकर कुल 62,000 पदों के लिए भर्ती होगी। रीट परीक्षा में गड़बड़ी की जांच एसओजी कर रही है। हमारी सरकार हर दोषी को सजा दिलाकर युवाओं के साथ न्याय सुनिश्चित करेगी।’’
SC ने नोएडा में सुपरटेक के ट्विन टावरों पर दिखाई सख्ती, दो हफ्ते में ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू करने का दिया निर्देश
एसओजी कर रही है मामले की जांच
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में तृतीय श्रेणी के लगभग 31,000 अध्यापकों के लिए राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) 26 सितंबर को करवाई गई थी। दो स्तरों के अध्यापकों के लिए यह परीक्षा दो अलग-अलग पारियों में हुई, जिसमें कुल मिलाकर एक ही दिन में 20 लाख से अधिक परीक्षार्थी बैठे। हालांकि लेवल-2 का पर्चा लीक होने के कारण परीक्षा का आयोजन विवादों में आ गया था। इसकी जांच एसओजी कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



