राजस्थान सरकार लोगों का अपने घर का सपना साकार करने को प्रतिबद्ध : सीएम गहलोत

Summary :

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना मकान हो और राज्य सरकार लोगों का यह सपना साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना मकान हो और राज्य सरकार लोगों का यह सपना साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राजस्थान आवासन मण्डल गुणवत्ता, समयबद्धता और विस्तार पर फोकस करते हुए इस दिशा में मिशन भावना के साथ काम करे। 
वह शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए राजस्थान आवासन मण्डल की 25 परियोजनाओं के शिलान्यास एवं उद्धाटन कर रहे थे। गहलोत ने 14 आवासीय योजनाओं एवं चार मुख्यमंत्री जन आवास योजनाओं का उद्धाटन किया और सात परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने राणा सांगा मार्केट, प्रताप नगर, जयपुर का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गुणवत्ता नियंत्रण के लिए बनाए गए मोबाइल एप ‘आरएचबी सजग‘ की शुरुआत की। 
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ समाज के आर्थिक दृष्टि से कमजोर और अल्पआय वर्ग के लोगों को गुणवत्तायुक्त आवास उपलब्ध करवाना भी ‘अच्छे शासन’ का हिस्सा है। इसमें आवासन मण्डल की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि जनता की आशा और अपेक्षाओं के साथ ही आबादी के अनुरूप आवासन मण्डल प्रदेशभर में आवासीय योजनाओं के लिए मास्टर प्लानिंग करे, जिससे 50 साल पहले जिस उद्देश्य के साथ हाउसिंग बोर्ड की स्थापना की गई थी वह साकार हो सके।’’ 
गहलोत ने कहा कि उनकी सरकार की इच्छाशक्ति से आवासन मण्डल को नया जीवन मिला है नहीं तो पूर्ववर्ती सरकार में इसे सफेद हाथी के रूप में देखा जा रहा था और इसे बंद करने की नौबत आ गई थी। 
नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की जन हितैषी सोच का ही परिणाम है कि आज जयपुर में सिटी पार्क जैसे बडे़ उद्यान की परियोजना मूर्त रूप ले रही है। 

Ujjwal Jain