राजस्थान: कोरोना की बढ़ती रफ्तार से सरकार चिंतित, मंत्री बोले- लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का करना होगा पालन

Summary :

देश में कई राज्यों में कोरोना वायरस का संक्रमण इस समय चरम पर है। ऐसे में कई राज्य सरकारें इसको लेकर ठोस कदम उठा रहे है। राजस्थान में कोरोना की रफ्तार तेज गति से बढ़ रही है।

देश में कई राज्यों में कोरोना वायरस का संक्रमण इस समय चरम पर है। ऐसे में कई राज्य सरकारें इसको लेकर ठोस कदम उठा रहे है। राजस्थान में कोरोना की रफ्तार तेज गति से बढ़ रही है। राज्य से हजारों की संख्या में रोजाना नए मामले सामने आ रहे हैं। 

इतना ही नहीं राज्य में  कोविड-19 के नए वेरिएंट ओमिक्रोन का संक्रमण भी तेजी से फैल रहा है। कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर सरकार ने भी चिंता जताई है। राजस्थान के चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा है कि लोगों को इस नए वेरिएंट से सावधान रहते हुए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। 
मंत्री ने ट्वीट कर दी लोगों को सख्थ सलाह 
परसादी लाल मीणा ने ट्वीट कर कहा कि, ‘राज्य के कई जिलों में ओमिक्रोन वेरिएंट के मामले सामने आए हैं। ओमिक्रोन वेरिएंट कोरोना के दूसरे वेरिएंट के मुकाबले ज्यादा तेजी से फैलता है। इसलिए हमें अब इस खतरे की गंभीरता को समझना होगा। पहली व दूसरी लहर से सबक लेते हुए सावधानियों को ध्यान में रखना होगा। कोविड गाइडलाइन और कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर की पालना करनी होगी।’ 

अशोक गहलोत ने लोगों से की ये अपील 
इस बीच राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर कहा है कि, ‘ओमिक्रोन को हल्के में ना लें एवं इससे बचने के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें, मास्क लगाएं एवं वैक्सीन की दोनों डोज अवश्य लगवाएं। भारत सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार प्रिकोशन डोज लगवाने में भी ना हिचकिचाएं। 
एक अन्य ट्वीट में सीएम गहलोत ने कहा कि, ‘आमजन ओमिक्रोन को घातक ना मानकर लापरवाही कर रहे हैं। परन्तु संक्रमित हुए लोगों का अनुभव है कि इससे उल्टी आना, पेट दर्द, पीठ दर्द, सिर दर्द, तनाव, कमजोरी व थकान जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पॉजिटिव से निगेटिव होने के बाद भी यानी पोस्ट कोविड भी ये परेशानियां हो रही हैं।’ 
कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है 
इस बीच ये भी बता दें कि, राजस्थान में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शनिवार शाम तक राज्य में 9676 नए संक्रमित मरीज मिले। नए संक्रमितों में राजधानी जयपुर में 1983, जोधपुर में 1106, उदयपुर में 766, बीकानेर में 547, अजमेर में 411, कोटा में 394, अलवर में 309, पाली में 282, भरतपुर में 260 और सवाई माधोपुर में 206 संक्रमित शामिल हैं। 
आंकड़ों के अनुसार शनिवार को राज्य में 4013 लोग संक्रमण से मुक्त हो गए और इस समय राज्य में 58428 मरीजों का इलाज चल रहा है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को संक्रमण से 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें झालावाड़ में 2, उदयपुर, सिरोही, सीकर, बाड़मेर, बीकानेर और जयपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। राज्य में संक्रमण से अब तक कुल 8999 लोगों की मौत हो चुकी है। 

Desk Team