राजस्थान : जिला स्तर पर टीकाकरण में वैक्सीन का उपयोग सर्वाधिक हो इसके लिए टीमों का किया जाएगा गठन

Summary :

राज्य के चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना वायरस रोधी टीकों के आडिट व जिला स्तर पर टीकों के समयबद्ध व समुचित उपयोग के निरीक्षण के लिए दलों का गठन किया जाएगा।

राज्य के चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना वायरस रोधी टीकों के आडिट व जिला स्तर पर टीकों के समयबद्ध व समुचित उपयोग के निरीक्षण के लिए दलों का गठन किया जाएगा। ये दल निर्बाध टीकाकरण व टीकों के समुचित उपयोग पर नजर रखेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव अखिल अरोरा ने इस सबंध में आदेश जारी किया है। इसके अनुसार राज्य में कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण कार्यक्रम निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण में टीकों का उपयोग सर्वाधिक हो सके, इसके लिए राज्य, जिला व खंड स्तर पर टीमों का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण प्रक्रिया के निरीक्षण के लिए जिला स्तर पर तीन खंडीय टीम होंगी, जबकि आवधिक ऑडिट के लिए राज्य स्तर की तीन टीम अलग होंगी। उन्होंने बताया कि जिला व खंड स्तरीय टीमें गठन के प्रथम सात दिन के भीतर निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट जिला कलेक्टर के माध्यम से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, निदेशालय जयपुर को भेजेंगी।
इसके बाद प्रत्येक 15 दिवस के अंतराल में निरीक्षण किया जाएगा। प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि आवधिक ऑडिट के लिए भी तीन दलों का गठन किया गया है।
ये टीमें राज्य स्तर से विभिन्न जिलों में स्थित राज्य स्तरीय टीकाकरण स्टोर, जिला स्तरीय टीकाकरण स्टोर व कोल्ड चैन प्वाईंट की आवधिक ऑडिट करेंगी। ये टीमें कोविड रोधी टीकों के संधारण, उपयोग व बरबाद हुए टीकों के निस्तारण का विस्तृत ऑडिट भी करेंगी।

Desk Team