टोंक जिले के मालपुरा कस्बे में मंगलवार की रात सांप्रदायिक तनाव फैलने के बाद बुधवार को सुबह अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया। कस्बे के दशहरा जुलूस में कुछ शरारती तत्वों ने पथराव किया जिसके बाद दो वर्गों में तनाव पैदा हो गया। इससे हंगामा हुआ और रावण का पुतला नहीं जलाया जा सका।
पुलिस ने बताया कि हिंदू समुदाय के सदस्यों ने पथराव में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया। टोंक के पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू ने कहा, ‘आज सुबह मालपुरा कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।’ उनके अनुसार, पथराव के सिलसिले में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है और अन्य लोगों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कर्फ्यू लगाए जाने से पहले अल सुबह पुतलों का दहन पालिका कर्मियों ने किया। मालपुरा में कल रावण दहन के समय राम बारात पर एक समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया था। घटना के विरोध में विद्यायक कन्हैया लाल चौधरी के नेतृत्व में लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर रावण दहन को रोक दिया और थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया।
रात्रि करीब ढाई बजे प्रसाशन ने बातचीत कर धरने को हटा दिया और सुबह चार बाद रावण दहन करवाया। प्रशासन ने इसके बाद पांच बजे कर्फ्यू की घोषणा कर दी। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में तनाव को देखते हुये भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। इससे पहले भी मालपुरा में कांवड़यों पर पथराव के बाद पिछले वर्ष दंगा भड़का था।


Download Android App
Download iOS App



