केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आंतरिक सुरक्षा में गुप्तचर ब्यूरो का बड़ा महत्व बताते हुए कहा है कि ब्यूरो की सटीक सूचनाओं के कारण ही देश में आतंकवाद और नक्सलवाद का सफाया हो रहा है। ब्यूरो के पश्चिम क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र के भवन का उद्घाटन करते हुए सिंह ने कहा कि गुप्तचर ब्यूरो की सूचनाओं के आधार पर कश्मीर में आतंकवादियों की धरपकड़ हो रही है तथा नक्सलवाद भी काबू में आ रहा है।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में अब सुरक्षा कर्मी नहीं बल्कि नक्सली मारे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर में भी सेना को सही सूचना गुप्तचर ब्यूरो से ही मिल रही है तथा सेना के अभियान की सफलता भी इसी पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के मारे जाने और पकड़े जाने से कश्मीर घाटी में हालात बदल रहे हैं। इसमें सूचनाओं का महत्वपूर्ण स्थान रहा है।
उत्तर पूर्व की चर्चा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि स्थिति को सामान्य बनाने में सत्तर प्रतिशत कामयाबी मिली है। इस क्षेत्र में गड़बड़ी करने वाले संगठनों पर नजर रखकर उन पर कार्यवाही ब्यूरो से मिली सूचनाओं के कारण ही संभव हो पा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे गुप्तचर कर्मियों ने अपनी सेवा और निष्ठा से देश में ही नहीं पूरी दुनिया में साख बनायी है।


Download Android App
Download iOS App




