राजस्थान के चित्तौड़गढ़ शहर में आज तड़के एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से आग लगने के बाद छत गिरने से मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार शहर के प्रतापनगर क्षेत्र स्थित मीठारामजी का खेड़ बस्ती में तीन बजे पुरुषोत्तम भांबी के मकान में तेज़ धमाके से क्षेत्र के लोगों की नींद उड़ गई व मौके पर पहुंचे तो मकान से धुआं निकल रहा था।

मौके पर क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस भी पहुंची जिनकी सूचना पर सदर थानाधिकारी दर्शन सिंह, कोतवाली प्रभारी तुलसी राम व वृत्ताधिकारी मनीष शर्मा भी पहुंचे। फिर दमकल बुलवा आग बुझाने के बाद अंदर देखा तो रसोई के पास के दो कमरे की छत नीचे गिरी थी जिसे हटाया तो वहां पांच जने दबे मिले।

सभी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने पुरुषोत्तम, उसकी मां सजनी देवी एवं पत्नी जमनादेवी को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रुप से घायल उनके पुत्र जयदीप, उमेश, सूरज व पुत्री भूमि को इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि घटना का कारण गैस रिसाव से शार्ट सर्किट से आग लग गई और बाद में सिलेंडर फटने से मकान के छत की फट्टियां टूट जाने से यह दर्दनाक हादसा हुआ और परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



