राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शुक्रवार को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पूज्य महंत स्वामी अच्युतानंद जी महाराज से मुलाकात की।
यहां जारी बयान के अनुसार भागवत ने स्वामी अच्युतानंद महाराज के साथ भेंटवार्ता की एवं उनको नागपुर आने का निमंत्रण दिया।
शुक्रवार को राजस्थान पहुंचे भागवत बेणेश्वरधाम से भेमई पहुंचे। इस अवसर पर संघ के अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख स्वांतरंजन, राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, चितौड़ प्रांत प्रचारक विजयानंद उपस्थित थे।
यहां आयोजित ‘प्रभात ग्राम मिलन’ में देशभर से आए हुए सहभागियों के लिए राजस्थान के प्रभात ग्राम के कार्यों को दर्शाने वाली एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रदर्शनी का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य वी. भागय्या एवं ग्राम विकास गतिविधि के सहसंयोजक गुरुराज ने किया।
प्रदर्शनी में कोटा जिले के डूंगरज्या, बांरा के रूपपुरा, बांसवाड़ा के राखो, राजसमंद के पीपलांत्री में हुए उल्लेखनीय परिवर्तनों को चित्रों के माध्यम से बताया गया है। स्वाधीनता के अमृत महोत्सव के क्रम में समाज के नायकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के चित्र एवं संक्षिप्त जीवन के बारे मे जानकारी दी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



