यहां रामगंज मंडी कस्बे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक स्वयंसेवक को तीन बाइक सवार युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी जिससे वह घायल हो गये।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आरएसएस स्वयंसेवक तथा रामगंज मंडी कस्बे में पत्थर कारोबारी दीपक शाह (48) को मंगलवार रात कस्बे के बाजार नंबर दो में तीन बाइक सवार युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया।
कोटा (ग्रामीण) एसपी शरद चौधरी ने कहा कि घटना के समय शाह आरएसएस के अपने साथियों के साथ अयोध्या में राम मंदिर के लिये चंदा इकट्ठा करने के अभियान के सिलसिले में बाजार में थे।
शाह को तत्काल कोटा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
एसपी ने कहा वारदात के तुरंत बाद सड़क पर बाइक फिसलते ही दो आरोपियों भाविक चावड़ा और समीर उर्फ सूफियान को गिरफ्तार कर लिया गया। शाह को गोली मारने वाला मुख्य आरोपी इमरान उर्फ आशू (23) फरार हो गया था। उसे बुधवार सुबह पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में घुसने की कोशिश करते समय झालावाड़ जिले के रायपुर इलाके में गिरफ्तार कर लिया गया।


Download Android App
Download iOS App



