जयपुर : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने आगामी निकाय चुनावों में पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि सभी निकायों में कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे।
पायलट ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘स्वाभाविक रूप से लोगों ने सरकार के काम को, हमारे नेतृत्व को हमारे संगठन की मजबूती को पहचाना है और हम मिलकर काम कर रहे हैं। इसलिए प्रदर्शन भी कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि भरतपुर, बीकानेर व उदयपुर के निगम व बाकी नगरपरिषदों सभी जगह कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा पूरा ध्यान नवंबर माह में होने वाले चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने पर है।’’ निकाय चुनाव में प्रत्याशी तय करने के सवाल पर पायलट ने कहा, ‘‘दो या तीन तारीख से हम सिंबल आवंटित करेंगे। मैंने यह निर्देश दिया है कि जो भी निर्णय लेने हैं वे स्थानीय स्तर पर लिए जाएं। समन्वय से टिकट वितरण हो। जीतने वाले को टिकट दिया जाना चाहिए, ऐसा निर्देश हमने अपने प्रभारियों को दिया है।’’
उल्लेखनीय है कि राजस्थान के 49 नगर निकायों के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी होगी और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र पांच नवम्बर तक भरे जा सकेंगे।


Download Android App
Download iOS App



