कांग्रेस पार्टी के नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत राजस्थान को विशेष दर्जा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में आयुष क्षेत्र में सबसे बड़ा बुनियादी ढांचा राजस्थान में है, राजस्थान में 5,000 आयुष चिकित्सा केंद्र चल रहे हैं।
अशोक गहलोत पांचवें आयुर्वेद दिवस पर आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने जयपुर के राष्ट्रीय आयुर्वेदिक संस्थान व जामनगर के आयुर्वेद अध्यापन व अनुसंधान संस्थान को देश को समर्पित किया। इसके तहत राजस्थान के राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान को मानद विश्वविद्यालय की उपाधि भी दी।
मुख्यमंत्री गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान में आयुष का सबसे बड़ा बुनियादी ढांचा है, ऐसे में राजस्थान को राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत विशेष दर्जा दिया जाता है तो इससे जयपुर के राष्ट्रीय आयुर्वेदिक संस्थान के मिशन को आगे ले जाने में मदद मिलेगी। गहलोत ने कहा कि मानद विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने से आयुष के क्षेत्र में बेहतर शोध को बढ़ावा मिलेगा।



Download Android App
Download iOS App



