दुबई से आ रही स्पाइसजेट फ्लाइट का फटा टायर, यात्री सुरक्षित

Summary :

एक निजी विमानन कंपनी के विमान का टायर फट गया लेकिन विमान बुधवार को जयपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। स्पाइसजेट के विमान ‘बोइंग 737-800’ ने दुबई से जयपुर के लिए उड़ान भरी थी।

जयपुर : एक निजी विमानन कंपनी के विमान का टायर फट गया लेकिन विमान बुधवार को जयपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। स्पाइसजेट के विमान ‘बोइंग 737-800’ ने दुबई से जयपुर के लिए उड़ान भरी थी। उसका टायर फट गया लेकिन वह सुरक्षित ढंग से उतर गया और किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जयपुर हवाई अड्डे की कार्यवाहक निदेशक रमा गुप्ता ने  बताया,‘‘दुबई एटीसी ने सूचित किया था कि विमान का टायर फटने का संदेह है। जयपुर एटीसी ने विमान के पायलट से हवाई अड्डे के निकट नीची उड़ान भरने को कहा। जब टायर फटे होने की पुष्टि हो गई तो आपातकालीन बंदोबस्त किए गए लेकिन विमान सामान्य ढंग से उतर गया।’’
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि चालक दल ने तय प्रक्रिया का पालन किया और विमान सुरक्षित ढंग से उतर गया। कुछ यात्रियों ने हवाई अड्डे पर मीडिया से कहा कि विमान की लैंडिंग के समय उन्हें कुछ झटके महसूस हुए लेकिन उतरने से पहले तक उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। 

Desk Team