राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि पूर्व सैनिक कोरोना वायरस महामारी के प्रति जागरूकता का संदेश गांव-ढाणी तक पहुंचाएं और आमजन को बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करें। गहलोत मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘ इस महामारी से बचाव ही उपाय है, ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोरोना संक्रमण को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतें।’ उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भीड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, आपस में दूरी बनाये रखें, मास्क पहनें एवं बार-बार हाथ धोने सहित स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का पूरी तरह से पालन करें।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ‘खुद का ख्याल खुद रखें।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लम्बी लड़ाई के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। किसी भी परिस्थिति का मुकाबला करने के लिए राज्य सरकार ने चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग का बुनियादी ढांचा मजबूत बनाया है।
लॉकडाउन के दौरान गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता के साथ ही मुफ्त राशन उपलब्ध कराने में भी राज्य सरकार ने कोई कमी नहीं रखी है। इस दौरान चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा, परिवहन व सैनिक कल्याण मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास व सैनिक कल्याण राज्य मंत्री अशोक चांदना भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



