राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर जन समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि जनता उन्हें सबक सिखाएगी। महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेस को दिल्ली में रैली की अनुमति नहीं मिलने पर गहलोत ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार तो देशवासियों की सुन नहीं रही, चाहे महंगाई हो, आम आदमी हो या किसान, उन्हें किसी की कोई परवाह नहीं है।
महंगाई पूरे देश का मुद्दा
गहलोत ने कहा, ‘‘वे (केंद्र सरकार) तो घमंड में हैं। लेकिन जनता आने वाले वक्त में उन्हें सबक सिखाएगी। रैली को दिल्ली में आयोजित करने की मंजूरी नहीं देना दुर्भाग्यपूर्ण है। महंगाई पूरे देश में मुद्दा बना हुआ है। लेकिन इस मुद्दे पर रैली की मंजूरी नहीं दी गई।’’ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ 12 दिसंबर को ‘महंगाई हटाओ रैली’ का आह्वान किया है। लेकिन दिल्ली में रैली के आयोजन की मंजूरी नहीं मिलने से अब यह रैली जयपुर में होगी।
सोनिया गांधी व राहुल गांधी का धन्यवाद
रैली की तैयारियों के लिए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल व प्रदेश प्रभारी अजय माकन शुक्रवार को जयपुर पहुंचे, जिन्होंने मुख्यमंत्री गहलोत के साथ प्रस्तावित रैली स्थल का दौरा किया। गहलोत ने आयोजन स्थल के तौर पर जयपुर को चुनने के लिए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी का धन्यवाद करते हुए कहा कि पूरे राज्य व देश भर से इस रैली में लोग आएंगे और यह सफल रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



