साउथ अफ्रीका के कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन ने दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। लोगों में इसको लेकर डर भी बढ़ने लगा है। इस बीच राजस्थान के जयपुर में आदर्शन नगर में एक ही परिवार के नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद शहर में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। इसमें खास बात ये है कि इन नौ लोगों में से चार लोग ऐसे हैं जो हाल ही में साउथ अफ्रिका से लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस बात की जानकारी दी है। विभाग के मुताबिक, ओमिक्रोम है या नहीं इसकी पुष्टि करने के लिए पॉजिटिव लोगों के सैंपल को जिनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजा गया है।
आरयूएचएस के अस्पताल में भर्ती कराया गया
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से लौटे लोगों को राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी नौ लोगों के नमूने जीनोम सीक्वेंस के लिए जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल भेजे गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरोत्तम शर्मा ने बताया कि परिवार के 14 सदस्यों के नमूने लिए गए, जिनमें से 9 में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
उन्होंने कहा कि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में यह पाया गया कि उनमें से चार दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। अधिकारी ने कहा कि दिशा-निर्देशों के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका से लौटे लोगों को आरयूएचएस अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया है, जबकि अन्य पांच को होम क्वारंटाइन किया गया है।
राजस्थान में 213 एक्टिव केस मौजूद
राजस्थान में फिलहाल कोरोना वायरस के 213 एक्टिव मामले हैं। सबसे ज्यादा 114 एक्टिव केस अकेले जयपुर में हैं। प्रदेश में गुरुवार को 21 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए थे। इनमें से 8 राजधानी जयपुर से थे। जबकि 24 जिलों में 110 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं।
दो ओमिक्रोन मामले
बेंगलुरु में दो ओमिक्रोन मामलों का पता चलने के एक दिन बाद, कर्नाटक सरकार ने राज्य में नई कोरोना गाइडलाइन को लागू कर दिया है। अब मॉल और थिएटर में पूरी तरह से टीका लगवाने वालों को ही एंट्री दी जाएगी। स्कूलों और कॉलेजों में सभी सांस्कृतिक गतिविधियों को जनवरी 2022 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
इसके पहले, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने बताया था कि दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रोन के पाए जाने के बाद, 57 यात्री बेंगलुरु में उतरे हैं। उनसे 10 यात्रियों का पता नहीं चल पाया है। उनके मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं और वो दिए गए पते पर भी मौजूद नहीं हैं।”


Download Android App
Download iOS App



