राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत झुंझुनूं में सात से नौ जुलाई के बीच आयोजित हो रही तीन दिवसीय अखिल भारतीय स्तर की “प्रांत प्रचारक बैठक” में शामिल होंगे।
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने जयपुर में बताया कि बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित सभी सहसरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, डॉ. मनमोहन वैद्य, सी.आर. मुकूंद, अरुण कुमार व रामदत्त शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक संगठन संबंधित विषयों पर केंद्रित रहती है।
उन्होंने बताया कि बैठक में संघ के प्रशिक्षण वर्ग- “संघ शिक्षा वर्ग“ के वृत्त एवं समीक्षा, आगामी वर्ष की कार्ययोजना, प्रवास योजनाओं आदि विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष कार्य विस्तार योजना पर भी विचार विमर्श होगा।
आरएसएस के संगठन की दृष्टि से यह बैठक हर वर्ष आयोजित की जाती है जिसमें पदाधिकारी विभिन्न गतिविधियों, वर्तमान विषयों का जायजा लेते हैं और वर्ष में आगे की योजना तैयार करते हैं ।
वर्ष 2025 में आरएसएस की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होंगे। सूत्रों के अनुसार ऐसे में संघ देशभर में संगठन का विस्तार करना चाहता है। समझा जाता है कि बैठक में इसके बारे में भी चर्चा होगी ।


Download Android App
Download iOS App



