मेलबर्न, 28 जनवरी (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। कजाकिस्तान की एलेना रायबाकिना ने दुनिया की नंबर-2 खिलाड़ी इगा स्वियाटेक को सीधे सेटों में 7-5, 6-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। रॉड लेवर एरिना में खेले गए इस मुकाबले में रायबाकिना की ताकतवर और सटीक गेम ने स्वियाटेक की करियर ग्रैंड स्लैम जीतने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
इगा स्वियाटेक और एलेना रायबाकिना के बीच ये मुकाबला 93 मिनट तक चला। दोनों ही अपने 12वें आमने-सामने के मैच में लय तलाशती दिखीं। शुरुआती गेम्स में सर्विस पर पकड़ ढीली रही और ब्रेक का सिलसिला चलता रहा। हालांकि निर्णायक मौकों पर रायबाकिना ने खुद को बेहतर तरीके से संभाला और पहले सेट में अहम बढ़त बनाते हुए 7-5 से अपने नाम किया।
पहले सेट के बाद मुकाबले की दिशा पूरी तरह बदल गई। दूसरे सेट में रायबाकिना ने आक्रामक खेल दिखाया और स्वियाटेक को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने आखिरी नौ में से आठ गेम जीतकर मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। इस जीत के साथ ही रायबाकिना ने स्वियाटेक के खिलाफ अपना आमने-सामने का रिकॉर्ड 6-6 से बराबर कर लिया।
इस मैच में सर्विस का बड़ा रोल रहा। स्वियाटेक की पहली सर्विस केवल 49 प्रतिशत ही सफल रही, जिसका फायदा रायबाकिना ने लगातार उठाया। रायबाकिना ने पहले सेट में 0-40 की स्थिति से शानदार वापसी की और इसके बाद अपने अगले आठ सर्विस गेम में सिर्फ 12 अंक गंवाए।
रायबाकिना ने पिछले अक्टूबर से 19 में से 18 मुकाबले जीते हैं। यह उनकी लगातार आठवीं टॉप-10 खिलाड़ी के खिलाफ जीत है।
2022 विंबलडन चैंपियन रायबाकिना अब सेमीफाइनल में अमांडा अनिसिमोवा और जेसिका पेगुला के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेंगी और अपने तीसरे करियर ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगी।
–आईएएनएस
पीएके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



