मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को हकीकत में अपना भगवान और क्रिकेट को अपना धर्म समझने वाले भारतीय टीम के सबसे बड़े प्रशंसक सुधीर कुमार गौतम चेन्नई सुपरकिंग्स को तीसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी के घर उनके मेहमान बने।
शरीर को तिरंगे में रंगवाकर भारतीय क्रिकेट टीम के देश और विदेश में भी होने वाले मैचों में मौजूद रहने वाले सुधीर सचिन के बड़े प्रशंसक माने जाते हैं लेकिन वह क्रिकेटर धोनी के भी बड़े प्रशंसक हैं।
धोनी भी सुधीर के खेल के प्रति जुनून को हमेशा सराहते रहे हैं और इसी के चलते खुद कैप्टन कूल ने अपने रांची स्थित घर पर परिवार संग सुधीर की लंच पर मेहमान नवाजी की।
इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण में गत माह अपनी टीम चेन्नई को तीसरी बार चैंपियन का खिताब दिलवाने के बाद धोनी फिलहाल अपने गृह नगर रांची में हैं।
सुधीर ने धोनी के घर पर उनके परिवार संग लंच किया और तस्वीरें सोशल साइट पर साझा की। बिहार के रहने वाले सुधीर ने शुक्रवार को धोनी के घर पर समय बिताया और मेहमान नवाजी के लिये उनका शुक्रिया अदा करते हुये लिखा’ मेरे लिये कैप्टन कूल के साथ खास दिन, फार्म हाउस पर सुपर फैमिली के साथ सुपर लंच, मैं शब्दों में इन पलों को बयां नहीं कर सकता।
एम एस धोनी और साक्षी दी आपका शुक्रिया।’ सुधीर ने साथ ही लिखा कि कैप्टन कूल अपनी टीम चेन्नई को खिताब दिलवाने के बाद आराम कर रहे हैं। भारतीय टेस्ट टीम से रिटायरमेंट ले चुके धोनी अब सीमित ओवर में ही खेलते हैं और आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैचों की सीरीज तथा इंग्लैंड दौरे में तीन टी-20 और पांच मैचों की सीरीज के लिये टीम का हिस्सा होंगे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App







