नई दिल्ली : प्लेआफ में जगह बनाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स अब आईपीएल के अपने आखिरी मैच में राजस्थान रॉयल्स को बड़े अंतर से हराकर शीर्ष दो में जगह बनाने के इरादे से उतरेगी। कैपिटल्स को अपने तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा की कमी खलेगी जिन्हें सीएसए ने विश्व कप से पहले एहतियात बरतते हुए उन्हें स्वदेश बुला लिया है। इससे रबाडा आईपीएल के बचे हुए सत्र में नहीं खेल पायेंगे। वह कमर में जकड़न के कारण चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहला मैच नहीं खेले थे।
दिल्ली सात साल में पहली बार प्लेआफ खेलेगी। चेन्नई के हाथों 80 रन से हारने के बाद दिल्ली को मनोबल बढाने के लिये बड़ी जीत की जरूरत है । इससे वह अंकतालिका में भी दूसरे स्थान पर पहुंच जायेगी। फिलहाल दिल्ली 13 मैचों में 16 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। मुंबई इंडियंस के 16 और चेन्नई के 18 अंक है। राजस्थान पर जीत से दिल्ली के पहले क्वालीफायर में खेलने की उम्मीद बढेगी जिससे उसे 12 मई को होने वाले फाइनल में खेलने के दो मौके मिलेंगे। रबाडा की गैर मौजूदगी में दिल्ली की गेंदबाजी कमजोर लग रही है लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर को उससे ज्यादा चिंता बल्लेबाजों के एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने की होगी।
चेन्नई के चार विकेट पर 179 रन के जवाब में दिल्ली की टीम 99 रन पर आउट हो गई थी जिसमें से अय्यर के 44 रन थे। पृथ्वी साव, शिखर धवन, ऋषभ पंत और कोलिन इंगराम भी चेन्नई के खिलाफ खराब प्रदर्शन को भुलाकर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। दूसरी ओर राजस्थान 13 मैचों में 11 अंक होने के बावजूद तकनीकी रूप से टूर्नामेंट में बना हुआ है । उसे दिल्ली को हराने के साथ बाकी मैचों में अनुकूल नतीजों की उम्मीद करनी होगी। दिल्ली को हराने से उसके 13 अंक हो जायेंगे। रायल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ उसका पिछला मैच बारिश के कारण धुल गया था।


Download Android App
Download iOS App



