बेंगलुरू : सुपर ओवर में मुंबई इंडियंस से हारने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद रायल चैलेंजर्स बेंगलोर को हराकर आईपीएल प्लेआफ में जगह बनाने उतरेंगे। मुंबई के हाथों सुपर ओवर में मिली हार उन्हें चुभ रही होगी लेकिन अब उसे भुलाकर उन्हें अगले मैच में पूरे दो अंक हासिल करने के इरादे से खेलना होगा। सनराइजर्स हैदराबाद का नेट रनरेट इस हार के बावजूद प्लस 0. 653 है जो प्लेआफ की दौड़ में दूसरों से बेहतर है। हैदराबाद अगर हार भी जाता है तो भी वह प्लेआफ में पहुंच सकता है बशर्ते कोलकाता नाइट राइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब अपने दो में से एक ही मैच जीतें।
डेविड वार्नर की गैर मौजूदगी में मनीष पांडे ने बखूबी जिम्मेदारी संभालते हुए मुंबई के खिलाफ 47 गेंद में 71 रन बनाये। वह आखिरी गेंद में हार्दिक पंड्या को छक्का लगाकर मैच को सुपर ओवर तक ले गए लेकिन वहां जीत नहीं सके। कप्तान केन विलियमसन , हरफनमौला विजय शंकर और टीम में वापसी करने वाले रिधिमान साहा से भी अच्छी पारी की उम्मीद होगी। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है और एबी डिविलियर्स तथा विराट कोहली जैसे खतरनाक बल्लेबाजों के सामने उन्हें और एहतियात बरतनी होगा।
अफगानिस्तान के स्पिनर रशीद खान के अलावा संदीप शर्मा, खलील अहमद और अनुभवी भुवनेश्वर कुमार हैदराबाद के लिये गेंदबाजी का मोर्चा संभाल रहे हैं। दूसरी ओर प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो चुकी बेंगलोर टीम प्रतिष्ठा के लिये खेलेगी। राजस्थान रायल्स के खिलाफ मैच बारिश की भेंट होने के बाद उसकी प्लेआफ की उम्मीदें खत्म हो गई।


Download Android App
Download iOS App



