भारत की आस्ट्रेलिया पर पहले टेस्ट मैच में 31 रन की यादगार जीत के बाद खिलाड़ियों को अधिक विश्राम देने पर जोर देते हुए भारतीय कोच रवि शास्त्री ने सोमवार को कहा कि नेट अभ्यास को गोली मारिये, लड़कों को विश्राम की जरूरत है। दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में लगातार दो सीरीज में हार के बाद भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शुरुआत की और 70 दशकों में पहली बार सीरीज का पहला मैच जीता।
रवि शास्त्री ने कहा कि हम इंग्लैंड में पहला टेस्ट मैच 31 रन से हार गये थे, दक्षिण अफ्रीका में पहला टेस्ट 60-70 रन से हार गये थे, इसलिए यह बहुत अच्छा अहसास है कि लड़कों ने यहां पहले मैच में ही जीत दर्ज की। जब आप अच्छी शुरुआत करते हो तो भरोसा बढ़ जाता है। अगला टेस्ट मैच 14 दिसंबर से पर्थ में खेला जाएगा।
शास्त्री को विश्वास है कि तेज गेंदबाज इसमें अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इस मैच से पहले नेट अभ्यास नहीं करने के संकेत दिये। उन्होंने कहा कि उन्हें आराम करना है, नेट्स को गोली मारिये। आप बस वहां आओ, अपनी उपस्थिति दर्ज कराओ और फिर होटल लौट जाओ। हम जानते हैं कि पर्थ की पिच तेज है, वहां तेज गेंदबाजों को फायदा मिलेगा।
भारत के चार सदस्यीय आक्रमण तेज गेंदबाज इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी तथा स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भारत को पहली पारी में 15 रन की बढ़त दिलायी और बाद में आस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचने से रोका।


Download Android App
Download iOS App



