नई दिल्ली : आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने बुधवार को इस बात पर हैरानी व्यक्त कि कि ऋषभ पंत को भारत की विश्व कप टीम में जगह नहीं दी गयी और उन्होंने कहा कि वह अंतिम एकादश में ‘एक्स-फैक्टर’ हो सकते थे। पोंटिंग सोमवार की रात को पंत से मिले थे, इससे कुछ घंटे पहले भारतीय टीम की घोषणा की गयी थी जिसमें रिजर्व विकेटकीपर के स्थान पर दिनेश कार्तिक को तरजीह दी गयी थी। दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच ने कहा कि जब उसे भारतीय टीम से बाहर रखा गया तो मुझे हैरानी हुई थी।
मुझे लगा कि वह टीम के अंदर होगा और वह अंतिम एकादश में शामिल रहेगा। मुझे लगा कि उसके जैसे खिलाड़ी के चौथे या पांचवें स्थान पर रहना ‘एक्स-फैक्टर’ हो सकता है और यही भारत व अन्य टीमों के बीच अंतर पैदा करेगा। पोंटिंग ने कहा कि हम भारतीय क्रिकेट के बारे में एक चीज जानते हैं कि उनकी बल्लेबाजी में काफी गहराई होती है और इस बार ऋषभ को छोड़ दिया गया।
यह जानते हुए कि वह कैसा है और उसमें किस तरह की प्रतिभा है, अगर वह अपने करियर के समापन तक कम से कम तीन विश्व कप में नहीं खेला तो मुझे हैरानी होगी। उन्होंने कहा कि मेरी उससे थोड़ी बात हुई। उसने इस फैसले को सहजता से लिया है। इसमें कोई शक नहीं कि वह निराश है, उसे इस टीम में शामिल होना अच्छा लगता है लेकिन उसे एक चीज याद रखनी होगी कि संभवत: उसे तीन या चार विश्व कप में खेलने का मौका मिलेगा।


Download Android App
Download iOS App



