भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज और आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल की तरफ से खेलने वाले क्रिकेटर मोहम्मद शमी का उनकी पत्नी हसीन जहां के साथ विवाद अब लगता है कि जल्द सुलझ जाएगा। हसीन जहां रविवार को अमरोहा शमी के पैतृक आवास पहुंचीं। हसीन जहां के साथ उनकी बेटी आयरा और वकील भी मौजूद रहे। हसीन जहां अपने साथ अपना सामान भी लाई हैं। हालांकि उन्हें सारा सामान पड़ोसी के यहां रखना पड़ा, क्योंकि शमी के घर में ताला लगा हुआ था। हसीन जहां के साथ उनकी बेटी और वकील के अलावा पुलिस भी थी।पुलिस को हसीन जहां इसलिए साथ लाई थीं, ताकि कोई विवाद न खड़ा हो। हसीन जहां ने पड़ोसियों से अपने पति मोहम्मद शमी और उनके परिवार के पते को लेकर भी पूछताछ की।
उधर IPL में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेल रहे मोहम्मद शमी और उनके बड़े भाई से 18 अप्रैल को कोलकाता पुलिस ने पूछताछ की थी। गौरतलब है कि हसीन जहां ने पति शमी के खिलाफ अन्य महिला से शारीरिक संबंध बनाने और घरेलू हिंसा सहित कई केस दर्ज कराए हैं। पुलिस ने शमी और उनके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ आईपीसी की धारा 498A, 323, 307, 376, 506, 328 और 34 के तहत केस दर्ज किया है। इसमें घरेलू हिंसा के आरोप में भी केस दर्ज है।
हसीन जहां ने इसी साल मार्च में शमी की कई महिलाओं के साथ फेसबुक पर हुई चैट के स्क्रीन शॉट पोस्ट कर यह आरोप लगाए थे। शमी ने पत्नी के आरोपों से इनकार किया था, जिसके बाद हसीन जहां ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी।
इस बीच हसीन जहां लगातार शमी पर अलग-अलग तरह के आरोप लगाती रही हैं। हसीन जहां का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में शमी के कई साथी क्रिकेटरों और उनकी पत्नियों से मदद मांगी थी, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। हसीन जहां द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद BCCI ने शमी का सालाना करार रद्द कर दिया था। हालांकि, बाद में बोर्ड ने उन्हें क्लीन चिट देते हुए बी-ग्रेड में रखा है।
बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट टीम इंडिया के गेंदबाज मोहम्मद शमी से पूछताछ भी कर चुकी है, जिसमें कथित तौर पर शमी अपने अवैध संबंधों को कुबूल किया था। बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट ने शमी से तब तीन घंटे तक पूछताछ की थी और उनसे साउथ अफ्रीका दौरे और दुबई जाने व अलिश्बा नाम की पाकिस्तानी लड़की से मिलने को लेकर भी सवाल किए गए थे।


Download Android App
Download iOS App







