लंदन : आईसीसी के मुख्य कार्यकारी डेव रिचर्डसन ने कहा कि वह स्टिंग आपरेशन के जरिये टेस्ट मैचों में ‘स्पाट फिक्सिंग’ और ‘पिच फिक्सिंग’ का दावा करने वाले चैनल के प्रतिनिधियों से मिलेंगे और स्पष्ट किया कि इन आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। कतर स्थित अल जजीरा चैनल ने दावा किया कि भारत, श्रीलंका, आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से जुड़े मैचों के दौरान मैच फिक्सरों के कहने पर पिच के साथ छेड़छाड़ की गयी थी। जिन मैचों पर सवाल उठाया गया है उनमें भारत बनाम श्रीलंका (गॉल, 26 से 29 जुलाई 2017), भारत बनाम आस्ट्रेलिया (रांची, 16 से 20 मार्च, 2017) और भारत बनाम इंग्लैंड (चेन्नई, 16 से 20 दिसंबर 2016) शामिल हैं।
आईसीसी ने जांच शुरू करते समय कहा था कि यह समाचार चैनल स्टिंग के असंपादित फुटेज को साझा करने से इन्कार कर रहा है। इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बोर्ड ने भी इन दावों को दोहराया था। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी डेव रिचर्डसन ने कहा कि वे जल्द ही अल जजीरा के अधिकारियों से मिलेंगे। रिचर्डसन ने कहा कि जब भी लोग क्रिकेट में फिक्सिंग की बात करते हैं तो मुझे चिंता होती है।
रिचर्डसन ने स्वीकार किया कि छोटे स्तर पर संचालित टी20 लीग भ्रष्ट गतिविधियों का आसान निशाना बन सकते हैं क्योंकि कड़े नियमों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्टार से संपर्क करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक होगा अगर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को निशाना बनाया जाता है। इनको निशाना बनाना बहुत मुश्किल है और इसलिए वे लोग बहुत निचले स्तर पर अब अपना खुद का लीग तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



