दिल्ली डेयरडेविल्स भले ही आईपीएल में अपेक्षा के अनुरूप नहीं खेल पा रही हो लेकिन रिषभ पंत की शानदार बल्लेबाजी ने सभी का ध्यान खींचा है, हालांकि इस युवा विकेटकीपर बल्लेबाज का कहना है कि वह इस प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह पाने की नहीं सोचना चाहते। पंत ने अभी तक तीन अर्धशतक और दो 50 के करीब की पारियां खेली है।
राजस्थान रायल्स के खिलाफ सिर्फ 29 गेंद में 69 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और टूर्नामेंट में बनाये रखा। यह पूछने पर कि लगातार अच्छे प्रदर्शन से क्या वह भारतीय टीम में जगह बना सकेंगे, पंत ने कहा, ‘‘मैं उसके बारे में नहीं सोच रहा। मैं फिलहाल सिर्फ आईपीएल खेल रहा हूं और हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम में कोई गड़बड़ नहीं है। हमने हर मैच में छोटी छोटी गलतियां की जो इस बार नहीं हुई और हम मैच जीत गए।’’
पंत ने कहा, ‘‘हमने सभी मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन छोटी गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा । हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि आइंदा ये गलतियां नहीं हो।’’ पंत के अलावा पृथ्वी शा और श्रेयस अय्यर भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। पंत ने कहा, ‘‘हर कोई अलग है। वे शीर्षक्रम पर खेल रहे हैं और उन्हें रनरेट बनाये रखना है। वे अपने काम को बखूबी अंजाम दे रहे हैं और मैं अपना काम कर रहा हूं।’’
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



