महिला प्रीमियर लीग: दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स पर लगा 12 लाख का जुर्माना

Summary :

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। महिला प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स को मंगलवार को खेले गए मुकाबले में गुजरात जायंट्स के खिलाफ 3 रन से हार का सामना करना पड़ा था। हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जेमिमा पर धीमे ओवर रेट की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है। महिला प्रीमियर लीग की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह जुर्माना लीग के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत मिनिमम ओवर-रेट से जुड़े नियमों के उल्लंघन के कारण लगाया गया है। लीग ने यह भी…

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। महिला प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स को मंगलवार को खेले गए मुकाबले में गुजरात जायंट्स के खिलाफ 3 रन से हार का सामना करना पड़ा था। हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जेमिमा पर धीमे ओवर रेट की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है।

महिला प्रीमियर लीग की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह जुर्माना लीग के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत मिनिमम ओवर-रेट से जुड़े नियमों के उल्लंघन के कारण लगाया गया है। लीग ने यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा सीजन में यह जेमिमा रोड्रिग्स का पहला ओवर-रेट अपराध था।

हार और जुर्माने का असर दिल्ली कैपिटल्स के पूरे अभियान पर साफ दिखाई दे रहा है। टीम 7 मैचों में छह अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर खिसक गई है। नेट रन रेट -0.164 हो गया है। इससे प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी राह कठिन हो गई है।

प्लेऑफ की संभावना को बनाए रखने के लिए दिल्ली को 1 फरवरी को यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ होने वाले अपने आखिरी लीग मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच में दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन स्नेह राणा और युवा बल्लेबाज निकी प्रसाद ने शानदार संघर्ष दिखाया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 70 रनों की अहम साझेदारी की, जिसने दिल्ली को मुकाबले में वापस ला दिया। राणा ने 15 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि प्रसाद ने सिर्फ 24 गेंदों पर 47 रनों की तूफानी पारी खेली।

हालांकि, आखिरी ओवर में गुजरात की अनुभवी ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ने बेहतरीन संयम दिखाया और सिर्फ नौ रन देकर दिल्ली की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस जीत के साथ गुजरात जायंट्स ने दिल्ली के खिलाफ इस सीजन का डबल भी पूरा कर लिया।

दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट पर 174 रन बनाए थे। दिल्ली 8 विकेट पर 171 रन बना सकी और मैच 3 रन से हार गई।

–आईएएनएस

पीएके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.