नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। महिला प्रीमियर लीग 2026 में यूपी वॉरियर्ज का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम सीजन के 6 मैचों में 2 जीत और 4 हार के साथ अंकतालिका में सबसे नीचे (5वें स्थान पर) है। प्लेऑफ में पहुंचने के किसी भी संभावना को बनाए रखने के लिए टीम को आखिरी 2 लीग मैच जीतने हैं। इन दोनों मैचों से ठीक पहले यूपी वॉरियर्ज को बड़ा झटका लगा है। टीम की स्टार खिलाड़ी फोएबे लिचफील्ड टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
यूपी वॉरियर्स की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक फोएबे लिचफील्ड इंजर्ड हैं और इस वजह से सीजन के बाकी मैचों से बाहर हो गई हैं।
फोएबे लिचफील्ड को क्वाड इंजरी हुई है। वह इलाज और रिकवरी के लिए अपने देश ऑस्ट्रेलिया लौटेंगी। वह भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज से पहले फिट होने की कोशिश करेंगी।
महिला प्रीमियर लीग 2026 में फोएबे लिचफील्ड को 6 मैचों में खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 2 अर्धशतक की मदद से 243 रन बनाए। फोएबे यूपी की बल्लेबाजी की मजबूत कड़ी बनकर उभरी थीं। इसलिए उनका टूर्नामेंट से बाहर होना टीम के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। लिचफील्ड की कमी को पूरा करना यूपी के लिए आसान नहीं होने वाला।
फोएबे लिचफील्ड को यूपी वॉरियर्स ने विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के लिए हुई नीलामी में 1 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा था।
फोएबे लिचफील्ड के बाहर होने के बाद यूपी वॉरियर्स की टीम ने रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का भी ऐलान कर दिया है, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड की 32 साल की विकेटकीपर एमी जोंस को टीम में शामिल किया है। एमी जोंस ने अब तक महिला प्रीमियर लीग का एक भी मैच नहीं खेला है। हालांकि टी20 फॉर्मेट का उन्हें अनुभव है। इंग्लैंड के लिए वह 125 टी20 मैच खेल चुकी हैं, जिसमें 5 अर्धशतकों की मदद से उन्होंने 1,666 रन बनाए हैं।
–आईएएनएस
पीएके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



